संगठन की मजबूती पर मंथन
कांग्रेस कमेटी लाहुल-स्पीति के अध्यक्ष दोरजे की अध्यक्षता में हुई बैठक
कार्यालय संवाददाता-केलांग
जिला कांग्रेस कमेटी लाहुल-स्पीति की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दोरजे अंगरूप लारजे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लाहुल-स्पीति के कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी नए दिशा-निर्देशों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विचार.विमर्श किया गया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों सहित विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई।
पार्टी नेताओं ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर आगामी कार्यक्रमों एवं पार्टी गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष दोरजे अंगरूप लारजे ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए गए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
