ई-केवाईसी के मैसेज से गैस उपभोक्ताओं में हडक़ंप
बुकिंग रद्द होने के मैसेज से घबराए सैकड़ों उपभोक्ता पहुंचे इंडेन एजेंसी, कॉर्पोरेशन ने की 15 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी करने की अपील
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
इंडेन गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी न होने संबंधी संदेश मिलने के बाद शुक्रवार को नाहन स्थित हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन की इंडेन गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मोबाइल पर गैस सिलेंडर की बुकिंग रद्द होने के संदेश मिलने से घबराए उपभोक्ता सुबह से ही एजेंसी पहुंच गए और जानकारी लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे। नाहन शहरी गैस एजेंसी के अंतर्गत करीब 12 हजार उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग सात हजार उपभोक्ता ही अब तक ई-केवाईसी पूरी कर चुके हैं। कई ऐसे उपभोक्ता भी सामने आए जिन्होंने दावा किया कि ई-केवाईसी कराने के बावजूद उन्हें बुकिंग रद्द होने का संदेश मिला।
एजेंसी कर्मियों ने स्पष्ट किया कि ये संदेश इंडेन की केंद्रीय प्रणाली से जारी किए गए हैं, स्थानीय एजेंसी की ओर से नहीं। सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन ने पहले ही उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर गैस बुकिंग प्रभावित हो सकती है और नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी संभव है। दिनभर एजेंसी कर्मचारी उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी संबंधी जानकारी देने और प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार नड्डा ने उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी कराने और एजेंसी कर्मचारियों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने की अपील की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
