शरण कालेज में छात्राओं ने ईको-फे्रंडली राखियों ने जीता मन

By: Aug 27th, 2026 12:01 am

बेकार सामान से बनाई खूबसूरत राखियां, छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हैड क्वार्टर ब्यूरो -मटौर
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमन घुरकडी कांगड़ा में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में बीएड छात्राओं के लिए ईको-फ्रेंडली राखी मेकिंग एवं बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने घर एवं आसपास उपलब्ध विभिन्न अनुपयोगी सामग्रियों जैसे ऊन, धागे, पुराने कपड़े, कागज, कार्ड बोर्ड, मोतियों, सजावटी सामग्री और अन्य वस्तुओं का प्रयोग कर आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं।

प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने बेहद कम लागत वाली सामग्री से सुंदर और कलात्मक राखियां बनाकर यह संदेश दिया कि थोड़ी सी रचनात्मक सोच से बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को भी उपयोगी और आकर्षक बनाया जा सकता है। छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियों में पारंपरिक कला के साथ आधुनिक रचनात्मकता की झलक भी देखने को मिली। प्रतियोगिता ने छात्राओं को केवल कला एवं हस्तकला का प्रदर्शन करने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि उनमें री-यूज और रिसाइकिल की भावना को भी बढ़ावा दिया। कालेज प्राचार्या डा. सुमन शर्मा ने छात्राओं की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी गतिविधियां छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से छात्राओं में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता, टीम भावना और नई चीजें सीखने की रुचि विकसित होती है। प्रतियोगिता में साक्षी पुत्री लाल चंद प्रथम, रूहानी पुत्री राजेश कुमार द्वितीय और ऋषिता पुत्री संजीव कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App