जानबूझकर की जा रही चुनाव में देरी, शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव पर बोले नेता प्रतिपक्ष
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में सरकार द्वारा जान-बूझकर देरी के मामले में माननीय न्यायालय द्वारा चुनाव जल्द से जल्द करवाने की तिथि स्पष्ट करने के निर्देश का स्वागत किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार जनादेश का अपमान करने के साथ संविधान की धज्जियां ही नहीं उड़ा रही, बल्कि आए दिन न्यायालय में अपना अपमान भी करवा रही है।
सरकार को समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में तानाशाही नहीं चल सकती। सिर्फ़ अपनी नाक बचाने के लिए न्यायालय, लोकतंत्र, जनादेश, सबका अपमान किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ने पंचायत चुनाव टालने की एक के बाद एक चालें चलीं। अब जिला परिषद और ब्लॉक समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव टालकर भाजपा समर्थित जन प्रतिनिधियों को डरा-धमकाकर उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में राजनीति, झारखंड में लाठीचार्ज कर रही कांग्रेस
शिमला — भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने झारखंड में रोजगार और अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर राजनीतिक बयान देने वाले राहुल गांधी को झारखंड के छात्रों की आवाज क्यों सुनाई नहीं देती? कांग्रेस और उसके नेता केवल वहां छात्र हितों की बात करते हैं, जहां उन्हें राजनीतिक लाभ दिखाई देता है, जबकि अपनी सहयोगी सरकार के खिलाफ युवा सडक़ पर उतरें तो वही संवेदनशीलता गायब हो जाती है। यही कांग्रेस की सुविधा की राजनीति है। उन्होंने कहा कि रांची की सडक़ों पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे निहत्थे युवाओं पर जिस प्रकार कार्रवाई की गई, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। भाजपा इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
