चक्का रोड पर नालियों का गंदा पानी, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
हाउसिंग बोर्ड फेस-2 की नालियां जाम, सडक़ पर जलभराव और कीचड़ से हादसों का खतरा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी का व्यस्त चक्का रोड इन दिनों बदहाल निकासी व्यवस्था की मार झेल रहा है। हाउसिंग बोर्ड फेस-2 की नालियां जाम होने से कॉलोनी का गंदा पानी सीधे मुख्य सडक़ पर पहुंच रहा है। कई हिस्सों में सडक़ पर पानी और कीचड़ जमा है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चक्का रोड से रोजाना बड़ी संख्या में औद्योगिक कामगार, स्थानीय लोग, स्कूली वाहन और आसपास की पंचायतों के लोग आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद सडक़ पर बह रहे गंदे पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार नालियों में लंबे समय से गाद और कचरा जमा होने के कारण निकासी अवरुद्ध है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सडक़ पर पहले से मौजूद गड्ढों में गंदा पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पानी में गड्ढे दिखाई न देने के कारण वाहन चालक हादसे का शिकार हो सकते हैं। वहीं, पैदल राहगीरों को वाहनों से उछलने वाले गंदे पानी से बचकर निकलना पड़ रहा है। लगातार जमा गंदगी से दुर्गंध के साथ मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
श्रद्धालुओं को भी झेलनी पड़ रहीं दिक्कतें
हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के समीप स्थित गुग्गा माड़ी में आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। सडक़ पर फैले कीचड़ और गंदे पानी के कारण बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी सुनील कुमार, नीतू सिंह, दिलीप चौधरी और भाग सिंह ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है और नगर निगम को कई बार इसकी जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने नालियों की तत्काल सफाई, पानी की स्थायी निकासी और सडक़ के गड्ढों की मरम्मत की मांग की है। लोगों ने कहा कि ऐसा स्थायी ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाना चाहिए, जिससे हाउसिंग बोर्ड की निकासी का पानी मुख्य सडक़ पर न पहुंचे। नगर निगम बद्दी के संयुक्त आयुक्त अंकुश ठाकुर ने कहा कि मामला संज्ञान में है और जल्द समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
