एशियन गेम्स में खेलेंगी हिमाचल की चार बेटियां, 21 से 24 सितंबर तक जापान के नागोया में खेला जाएगा टूर्नामेंट
निजी संवाददाता— पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश के खेल जगत के लिए आज एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन है। हिमाचल कबड्डी एसोसिएशन द्वारा सोमवार को सिरमौर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा की अध्यक्षता में विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कुलदीप राणा ने बताया कि जापान के नागोया में होने वाली 20वीं एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिमाचल की चार बेटियों का चयन हुआ है। चयनित चार खिलाडिय़ों में दो बेटियां सिरमौर जिला से संबंध रखती हैं। इनमें स्टार खिलाड़ी रितु नेगी और पुष्पा नेगी शामिल हैं।
इसके अलावा मंडी जिला की भावना ठाकुर और सोलन जिला की ज्योति ठाकुर का चयन भी भारतीय टीम में हुआ है। यह चयन इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल सही मार्गदर्शन और मंच की। भारतीय टीम का कबड्डी में हमेशा से दबदबा रहा है। हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार भी एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतेंगी और देश का तिरंगा ऊंचा करेंगी। 20वीं एशियन गेम्स 21 से 24 सितंबर तक जापान के नागोया शहर में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ खेल प्रेमी अतर सिंह, सविता, सतीश कपूर, पूरन ठाकुर और प्रदीप नौटियाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
