सोलन पुलिस के चार अधिकारियों को पदोन्नति, पाइपिंग समारोह में बढ़ाया मान

By: Aug 18th, 2026 2:51 pm

मोहिनी सूद-सोलन

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सोलन में मंगलवार को चार पुलिस अधिकारियों की पदोन्नति के उपलक्ष्य में गरिमामय पाइपिंग समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारी और रैंक के अनुरूप सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पदोन्नति पाने वाले पुलिस कर्मियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में उप-निरीक्षक ओम प्रकाश को पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सहायक उप-निरीक्षक विक्रम सिंह, नवीन कुमार और रमेश कुमार की पदोन्नति के उपलक्ष्य में भी पाइपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह के दौरान अधिकारियों की वर्दी पर नई रैंक के अनुरूप पाइपिंग लगाई गई और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पुलिस विभाग में पदोन्नति केवल पद या रैंक में बदलाव नहीं होती, बल्कि यह अधिकारी की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का सम्मान भी मानी जाती है। पुलिस कर्मी कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में पदोन्नति उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती है।

पाइपिंग समारोह के दौरान पदोन्नत अधिकारियों ने विभाग की ओर से मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।

सोलन पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने चारों पदोन्नत अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई गई कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता का उपयोग करते हुए पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App