मानसून के बीच फ्रूट सीजन ने पकड़ी रफ्तार, प्रदेश से हर रोज डेढ़ लाख पेटी सेब सप्लाई
अब तक 56.86 लाख पेटियां बाहरी राज्यों को भेजीं
कार्यालय संवाददाता-शिमला
प्रदेश में मानसून की वर्षा के बीच सेब सीजन ने अब अपनी रफ्तार पकडऩा शुरू कर दिया है। हिमाचल से बाहरी राज्यों के लिए रोजाना डेढ़ लाख से अधिक सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी जा रही है। वहीं बाहरी राज्यों की मंडियों में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से सेब की बंपर खेप पहुंचने लगी है। प्रदेश की कृषि उपज मंडी समितियों के 29 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल से अब तक 56 लाख 86 हजार 237 पेटियां सेब बाहरी राज्यों को भेजी जा चुकी हैं। एपीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की मंडियों में पहुंचने और मंडियों के बाहर सीधे कारोबार के माध्यम से सेब की लगातार बड़ी मात्रा बाहरी बाजारों का रुख कर रही है। शिमला-किन्नौर का क्षेत्र बाहरी राज्यों को सेब भेजने में सबसे आगे बना हुआ है।
इसके अलावा सोलन, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू-लाहुल-स्पीति, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा से भी सेब की खेप बाहरी मंडियों को भेजी गई है। शिमला और किन्नौर के 20 किलों के बॉक्स का दाम इन दिनों 400 से लेकर 3300 तक बागबानों को प्राप्त हो रहा है। 29 अगस्त तक शिमला और किनौर से 37 लाख 84 हजार 427 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई हैं। सोलन से अब तक पांच लाख 27 हजार 340 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई है। मंडी से चार लाख 58 हजार 523 पेटियां भेजी गई हैं। ज्यादा ठंडे क्षेत्रों में शामिल किन्नौर और लाहुल-स्पीती से आठ लाख 52 हजार 389 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी गई हैं। कुल्लू और लाहुल-स्पीति के सेब के दामों की बात की जाए तो दस किलो के बॉक्स को 200 से लेकर 1200 रुपए दाम मिल रहे हैं। 20 किलो के बॉक्स के दाम 400 से लेकर 2600 तक मिल रहे हैं। चंबा से 50 हजार 100 सेब पेटियां बाहरी राज्यों को भेजी हैं।
फल मंडियों में बढ़ी सेब की आवक
अगस्त के अंतिम सप्ताह में सेब सीजन के रफ्तार पकडऩे के साथ ही मंडियों में आवक बढ़ी है। प्रदेश के बागबान अपने उत्पाद को स्थानीय मंडियों के अलावा बाहरी राज्यों की मंडिय़ों में भी भेज रहे हैं। बाहरी बाजार में हिमाचली सेब की मांग के चलते रोजाना बड़ी संख्या में पेटियां प्रदेश से बाहर जा रही हैं।
बाहरी बाजारों में मजबूत पकड़
एपीएमसी के रिकॉर्ड में मंडी यार्ड के भीतर हुए कारोबार के साथ मंडी यार्ड के बाहर हुए सेब कारोबार का भी अलग-अलग ब्योरा दर्ज किया गया है। 29 अगस्त तक के आंकड़े बताते हैं कि हिमाचल के सेब ने बाहरी बाजारों में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
