पांच लाख नौकरियों का वादा भूली सरकार

By: Aug 29th, 2026 12:50 am

्रपूर्व मंत्री राजेंद्र गर्र्ग ने प्रदेश सरकार पर साधा जोरदार निशाना
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि पांच लाख रोजगार का सपना दिखाकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब युवाओं को नौकरी देने के बजाय लॉटरी का टिकट थमाने जा रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार देने में नाकाम सरकार अब युवाओं को किस्मत आजमाने की राह दिखा रही है। युवाओं के हाथ में नियुक्ति पत्र की जगह लॉटरी का टिकट देना प्रदेश के भविष्य के साथ न्याय नहीं है। गर्ग घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।गर्ग ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने पांच साल में पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था।

युवाओं ने रोजगार और बेहतर भविष्य की उम्मीद में कांग्रेस को सत्ता सौंपी, लेकिन अब सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने के बजाय लॉटरी शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्राथमिकताओं पर बड़ा सवाल है। गर्ग ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और रोजगार की तलाश में भटक रहा है। ऐसे समय में सरकार को सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करने चाहिए। उद्योग, पर्यटन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास को बढ़ावा देना चाहिए। इसके बजाय लॉटरी को बढ़ावा देना युवाओं को आसान पैसा कमाने की मानसिकता की ओर ले जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App