मनमाने टैक्स न लगाए सरकार, जयराम बोले, महंगाई के कारण बढ़ेंगी समस्याएं
Jairam Thakur
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में सेस और शुल्क की सरकार चल रही है। सरकार को अपने फैसलों से जनता को होने वाली तकलीफों से कोई मतलब नहीं है। बिना सोचे-समझे प्रदेश के लोगों पर कर लादा जा रहा है। सरकार के मनमाने कर लादने पर माननीय उच्च न्यायालय ने भी सरकार को नसीहत देते हुए उद्योगों पर मनमाने कर के आदेश को रद्द कर दिया है। सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन सरकार में आते ही जनता पर तरह-तरह के बोझ डालने का अभियान चलाया। सत्ता में आने के बाद से डीजल पर दो बार वैट बढ़ाने के बाद सुक्खू सरकार ने अब पेट्रोल तथा डीजल पर 60 पैसे का सेस लगा दिया गया है।
जब सरकार यह बिल लाई थी, तो हमने विधानसभा में कहा था कि पेट्रोलियम पर टैक्स का व्यापक प्रभाव पड़ता है। सभी चीजें महंगी हो जाती हैं, तो मुख्यमंत्री ने सदन में कहा था कि यह एक प्रावधान है, हम इसे लगाने नहीं जा रहे हैं, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी उनका दावा झूठा निकला। जयराम ठाकुर ने कहा कि अनाथ और विधवा सेस के नाम पर लोगों से पैसे वसूल कर सरकार चलाने की कोशिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्य है, जहां पर यातायात और आपूर्ति व्यवस्था सडक़ मार्ग पर ही निर्भर है। ऐसे में डीजल-पेट्रोल के रेट में वृद्धि से आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
