19 साल में 191 देशों का सफर, अब साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले सोमन देवनाथ
स्टाफ रिपोर्टर— धर्मशाला
भारत के पश्चिम बंगाल के सुंदरबन के रहने वाले सोमन देवनाथ ने एचआईवी/एड्स जागरूकता का संदेश लेकर साइकिल से 191 देशों और सात महाद्वीपों की यात्रा पूरी की है। करीब 19 साल तक दुनिया के अलग-अलग देशों में साइकिल से सफर करने के बाद अब उन्होंने भारत भ्रमण शुरू किया है। उनकी मौजूदा यात्रा का उद्देश्य ‘पुनर्मिलन भारत’, ‘एक पेड़-एक जीवन’ और ‘इंडियन यूथ एंड स्पोट्र्स’ का संदेश देशभर में पहुंचाना है। सोमन देवनाथ ने बताया कि उन्होंने 27 मई, 2004 को साइकिल से विश्व भ्रमण शुरू किया था। वर्ष 2021 में भारत लौटने तक उन्होंने दुनिया के 191 देशों की यात्रा की। इस दौरान 36 राष्ट्राध्यक्षों और 72 प्रधानमंत्रियों से मुलाकात का भी अवसर मिला।
यात्रा के दौरान उन्होंने स्कूलों, कालेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं से संवाद किया और एचआईवी/एड्स जागरूकता के साथ भारतीय संस्कृति तथा सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया। देवनाथ के अनुसार उनकी विश्व यात्रा के दौरान कई मुश्किल दौर भी आए। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पहुंचने पर उन्होंने एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा से मुलाकात की। साथ ही अब डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा से भी मिलेंगे और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में जिला कांगड़ा धर्मशाला में ही शामिल होंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
