विशेष

कैजुअल लुक के साथ क्लासी अंदाज, हिमाचल में फैशन का नया ट्रेंड बनी वॉफल शर्ट

By: Aug 13th, 2026 5:49 pm

मोहिनी सूद—सोलन

बदलते फैशन ट्रेंड के बीच हिमाचल के युवाओं में इन दिनों वॉफल शर्ट का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। खासकर युवाओं के बीच वाफल शर्ट कैजुअल और स्टाइलिश लुक के लिए पसंद की जा रही है। बाजार में अलग-अलग रंग, डिजाइन और पैटर्न में उपलब्ध यह शर्ट कॉलेज जाने वाले युवाओं से लेकर नौकरीपेशा युवाओं तक की पसंद बनती जा रही है। वाफल शर्ट की सबसे खास बात इसका टेक्सचर है। कपड़े पर बने छोटे-छोटे उभरे हुए पैटर्न इसे सामान्य शर्ट और टी-शर्ट से अलग लुक देते हैं। यही वजह है कि युवा इसे रोजमर्रा के पहनावे के साथ-साथ दोस्तों के साथ आउटिंग, कॉलेज और छोटी पार्टियों में भी पहनना पसंद कर रहे हैं।

सोलन के बाजारों में इन दिनों ब्लैक, व्हाइट, बेज, ग्रे, ऑलिव और नेवी ब्लू जैसे रंगों की वाफल शर्ट युवाओं को खूब पसंद आ रही हैं। कई युवा ओवरसाइज और रिलैक्स फिट को प्राथमिकता दे रहे हैं, जबकि कुछ फिटेड डिजाइन पसंद कर रहे हैं। सोलन के युवा आर्यन, राघव, अभिषेक, कार्तिक, रोहित, आदित्य, यश, मोहित, अंश और शिवम का कहना है कि वॉफल शर्ट पहनने में आरामदायक होने के साथ-साथ काफी स्टाइलिश भी लगती है। युवाओं के अनुसार इसे जींस, कार्गो पैंट और कॉटन ट्राउजर के साथ आसानी से पहना जा सकता है। स्नीकर्स के साथ वॉफल शर्ट पहनने पर कैजुअल लुक मिलता है, जबकि ट्राउजर के साथ इसे स्मार्ट और क्लासी अंदाज में पहना जा सकता है। सोशल मीडिया पर भी इस तरह के आउटफिट का ट्रेंड बढऩे के कारण युवाओं में इसकी मांग और अधिक बढ़ी है। सोलन के कपड़ा कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ समय से युवाओं में टेक्सचर वाले कपड़ों की मांग बढ़ी है।

खासतौर पर कॉलेज जाने वाले लडक़े नए फैशन ट्रेंड को लेकर काफी सजग नजर आ रहे हैं और बाजार में आने वाले नए डिजाइन को पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वाफल शर्ट की कीमत कपड़े, ब्रांड और डिजाइन के अनुसार अलग-अलग है और बजट रेंज में भी इसके कई विकल्प उपलब्ध हैं। यही वजह है कि युवा अपनी पसंद और बजट के अनुसार इन्हें खरीद रहे हैं। फैशन के जानकारों के अनुसार आज के युवा ऐसे कपड़ों को अधिक पसंद कर रहे हैं, जिन्हें पहनकर आराम भी महसूस हो और लुक भी आकर्षक नजर आए। वाफल शर्ट इसी ट्रेंड पर पूरी तरह खरी उतर रही है। इसका टेक्सचर इसे सामान्य शर्ट से अलग पहचान देता है, जबकि अलग-अलग रंग और फिट इसे हर उम्र के युवाओं के लिए आकर्षक बनाते हैं। सोलन में फिलहाल लडक़ों के बीच वाफल शर्ट का ट्रेंड तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है और बाजार में इसकी मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके नए रंगों और डिजाइनों की रेंज और बढऩे की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App