हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त से, नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा टूर्नामेंट, 19 को पाक से भिड़ेगा भारत

By: Aug 12th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

मेंस और वूमंस हॉकी वल्र्ड कप 15 अगस्त से नीदरलैंड और बेल्जियम में खेला जाएगा। 30 अगस्त तक चलने वाले 16 टीमों के टूर्नामेंट का फॉर्मेट बदला गया है। अब क्वार्टर फाइनल नहीं होंगे। भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। वल्र्ड कप में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें चार पूल में बांटा गया है और हर पूल में चार-चार टीमें हैं।

भारतीय टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने भी शुरुआती पूल मैचों को बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उनके मुताबिक, टॉप-2 में पहुंचना जरूरी है और आगे जाने वाली टीमों के बीच हुए मैच का नतीजा अगले चरण में भी अहम भूमिका निभाएगा। टूर्नामेंट के फॉर्मेट में सबसे बड़ा बदलाव क्वार्टर फाइनल को हटाना है। शुरुआती चारों पूल से टॉप-2 टीमें अगले ग्रुप स्टेज में जाएंगी। यानी कुल आठ टीमें दूसरे चरण में पहुंचेंगी।

30 अगस्त को फाइनल

वल्र्ड कप 15 अगस्त से शुरू होगा और फाइनल 30 अगस्त को खेला जाएगा। सेमीफाइनल 28 और 29 अगस्त को होंगे। ब्रॉन्ज मेडल मैच 30 अगस्त को शाम 5:30 बजे और फाइनल रात आठ बजे खेला जाएगा।

महिला हाकी वल्र्ड कप का फाइनल 29 को

महिला हॉकी वल्र्ड कप भी 15 अगस्त से नीदरलैंड और बेल्जियम में खेला जाएगा। इसमें 16 टीमें और चार पूल होंगे। भारतीय महिला टीम को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ पहला मैच खेलेगा। इसके बाद 18 अगस्त को अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा। महिला वल्र्ड कप का फाइनल 29 अगस्त को शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App