करवाचौथ-दिवाली पर महंगाई भत्ते की आस, पेंशनर्स संघ ने CM सुक्खू से की भेंट

By: Aug 31st, 2026 12:01 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

पेंशनरों की बकाया देनदारी और महंगाई भत्ते की किस्त करवाचौथ या दीपावली पर्व पर मिल सकती है। सीएम सुक्खू ने अपने गृह क्षेत्र के दौरे के दौरान इस बात के संकेत दिए हैं। पेंशनरों की डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र की चल रही समस्या का हल पंचायत सचिवों के जरिए करने को भी कहा है। दरअसल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हमीरपुर जिला के दौरे के दौरान हिम आंचल पेंशनर्ज संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने नादौन में उनसे मुलाकात की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम व पदाधिकारियों ने जनवरी, 2016 के बाद सेवानिवृत्त तृतीय श्रेणी के पेंशनरों व फैमिली पेंशनरों को 35 प्रतिशत और अन्य दो श्रेणी के पेंशनरों को 15 प्रतिशत एरियर के भुगतान पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

साथ ही उन्होंने सीएम के समक्ष मांग रखी कि पेंशनरों की बकाया देनदारियां महंगाई भत्ते की किस्तें जल्द जारी की जाएं। संघ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि करवाचौथ या फिर दिवाली पर्व पर महंगाई भत्ता देने के लिए सरकार आवश्यक प्रयास करेगी। केसी गौतम ने बताया कि पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र भेजने में पेंशनरों को आ रही समस्याओं को रखा है, जिस पर सीएम ने आश्वस्त कर पंचायत सचिवों के माध्यम से इस समस्या का समाधान करवाने की बात कही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App