कसौली, बड़ोग-चायल में होटल पैक
पर्यटक स्थलों पर खूब रही चहल-पहल, कारोबार में उछाल
निजी संवाददाता-सोलन
वीकेंड पर रविवार को सोलन शहर सहित कसौली, बड़ोग और चायल में पर्यटकों की खूब चहल-पहल देखने को मिली। सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख किया। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ इन पर्यटन स्थलों पर पहुंचे। पर्यटकों की आमद बढऩे से होटल कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। सोलन शहर, कसौली, बड़ोग और चायल के कई होटल वीकेंड पर पूरी तरह पैक रहे। रविवार को सुबह से ही सोलन और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी।
दोपहर तक कसौली, बड़ोग और चायल की सडक़ों पर पर्यटक वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई। कई पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए जंगलों के बीच बने होटलों और रिसॉर्ट में ठहरना पसंद कर रहे हैं। पार्किंग की समस्या भी सामने आई। होटल एसोसिएशन के प्रधान वेद गर्ग ने बताया कि लंबे समय बाद वीकेंड पर होटलों में अच्छी ऑक्यूपेंसी देखने को मिली। डीएसपी अशोक चौहान ने वीकेंड पर पर्यटन स्थलों का रुख करने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
