रक्षाबंधन पर फुल रहीं एचआरटीसी बसें

By: Aug 29th, 2026 12:48 am

पांच से छह लाख यात्रियों ने किया सफर, तीन लाख से अधिक महिलाओं ने उठाया निशुल्क यात्रा का लाभ
कार्यालय संवाददाता-शिमला
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश में बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए एचआरटीसी की बसों का जमकर लाभ उठाया। प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को दी गई निशुल्क यात्रा सुविधा के चलते शुक्रवार को प्रदेशभर में एचआरटीसी की बसें यात्रियों से खचाखच भरी रहीं। निगम प्रबंधन के अनुसार पर्व के दौरान करीब पांच से छह लाख यात्रियों ने एचआरटीसी की बसों में सफर किया, जिनमें तीन लाख से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। बसों में कुल यात्रियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत से अधिक रही। रक्षाबंधन पर आम दिनों के मुकाबले एचआरटीसी की बसों में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। निगम की बसों में सामान्य दिनों में रोजाना औसतन चार से पांच लाख यात्री सफर करते हैं, जबकि रक्षाबंधन के दिन प्रदेशभर के रूटों पर बसों की ऑक्यूपेंसी लगभग पूरी रही।

खासकर सुबह से लेकर शाम तक बस अड्डों और प्रमुख रूटों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बहनों ने नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ उठाकर अपने भाइयों के घर पहुंचकर राखी बांधी। इसके चलते ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से लेकर जिला मुख्यालयों और प्रमुख शहरों तक महिलाओं की आवाजाही बढ़ी। कई महिलाओं ने निजी वाहनों के बजाय निगम की बसों से सफर करना पसंद किया। रक्षाबंधन के दिन बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए एचआरटीसी की बसों में सीटें फुल रहीं। बसों में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में पुरुष और अन्य यात्री भी सफर करते नजर आए। पर्व के चलते सुबह से ही बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लंबे रूटों के साथ स्थानीय और ग्रामीण रूटों पर भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही।

बिना किराया दिए गंतव्य तक पहुंची महिलाएं
एचआरटीसी प्रबंधन के अनुसार रक्षाबंधन जैसे पर्व पर नि:शुल्क यात्रा सुविधा का उद्देश्य महिलाओं को अपने मायके और भाइयों तक आसानी से पहुंचने का अवसर देना है। इस सुविधा के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं बिना किराया दिए अपने गंतव्य तक पहुंचीं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बहनों ने इस सुविधा का लाभ उठाकर रक्षाबंधन का त्योहार अपने भाइयों के साथ मनाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App