जयराम ठाकुर बोले, सरकार की जांच की भी होगी जांच

By: Aug 24th, 2026 11:30 pm

मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष ने हिमकेयर जांच में घोटाला होने की बात पर उठाए सवाल

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

विधानसभा के मानसून सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर नियम 130 के तहत चल रही चर्चा के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमकेयर मामले की चल रही जांच पर सत्ता पक्ष को खूब घेरा। उन्होंने कहा कि हिमकेयर मामले की जांच चल रही है और कैसे कह सकते हैं कि इसमें घोटाला हुआ है। उन्होंने जांच कर रहे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए सदन में कहा कि सरकार के दवाब में अगर अधिकारी जबरदस्ती कुछ निकालने की कोशिश करेंगे, तो उस जांच की भी जांच होगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री ने हिमकेयर में 1100 करोड़ के घोटाले की बात कही, फिर कहा कि 100 करोड़ का घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक मकसद से हिमकेयर योजना को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना को बंद करने की स्कीम चल रही है, इसलिए विजिलेंस जांच की जा रही है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने का आ रहे है, काम कब करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App