6 करोड़ से संवरेगा जाखू मंदिर, नगर निगम शिमला ने दी एनओसी की मंजूरी
मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक में जांचा कार्य का ब्यौरा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी के ऐतिहासिक जाखू मंदिर का इस साल जीर्णोद्धार कार्य शुरू किया जाएगा। मंदिर के जीर्णोद्धार से जुड़े प्रोजेक्ट को प्रदेश सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। करीब 6 करोड़ रुपये खर्च कर इस मंदिर का कायाकल्प किया जाएगा। अब इस प्रोजेक्ट को नगर निगम शिमला के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजने की तैयारी है ताकि इसे मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल सके। वहीं बुधवार को मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में इस प्रोजेक्ट की बैठक हुई। इस बैठक में संयुक्त आयुक्त भूवन शर्मा भी मौजूद रहे। इनके अलावा एसडीएम ऑफिस के डिलिंग हेंड भी मौजूद रहे। इस बैठक में मेयर ने पूरे प्रोजेक्ट को देखा और एनओसी देने की मंजूरी दे दी है।
वहीं नगर निगम ने यह भी कहा कि वह वन विभाग की एनओसी और एफसीए केस को लेकर भी मदद करने वाले हैं। इस प्रोजेक्ट पर होने वाला खर्च श्री हनुमान जी मंदिर न्यास जाखू अपने स्रोतों के माध्यम से वहन करेगा। पिछले कई साल से मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यहां पर मौजूद वर्तमान व्यवस्था के कारण न्यास को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए यह नई योजना तैयार की गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत मंदिर परिसर में यज्ञ शाला का निर्माण किया जाएगा। इसे अलावा जूते रखने के लिए बड़े शू हाउस का भी निर्माण होगा। भंडारा भवन का जीर्णोद्धार, हनुमान की प्रतिमा के आगे विस्तारीकरण, पार्क और मंदिर कार्यालय का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। कीर्तन भवन में रेलिंग कार्य, सार्वजनिक शौचालयों का मरम्मत कार्य भी इसमें शामिल है। इसके अलावा छह नई दुकानें भी मंदिर परिसर में बनाई जाएंगी। मंदिर परिसर में बच्चों के लिए पार्क बनाया जाएगा।
हिंदू संस्कृति के अनुसार बनेगी यज्ञशाला
मंदिर परिसर में एक यज्ञशाला का निर्माण किया जाएगा। यह यज्ञशाला मंडप आधार पर बनेगी। इसमें वेदों के अनुसार 16 पिलर 32 रुफ सपोर्टिंग कॉल, एक गंडूक, वेदी, तोरन, ध्वज, पताका आदि होंगे। ये सब कार्य हिंदू संस्कृति की पारंपरिक शैलियों के अनुसार ही होगा। मंदिर में नए शू हाउस का निर्माण होगा इसमें 22,41 वर्ग मीटर में शू हाउस बनेगा। इसमें एक काउंटर और शू रैक लगेंगे। श्रद्धालुओं को टोकन की सुविधा दी जाएगी। मंदिर परिसर में पार्किंग का निर्माण करवाया जाएगा। करीब 40 लाख रुपये से पार्किंग बनाई जाना प्रस्तावित है। राजधानी के जाखू मंदिर में हर साल हजारों सैलानी भी दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के लिए पैदल आवाजाही के अलावा एचआरटीसी टैक्सी, निजी टैक्सी और रोपवे की सुविधा भी उपलब्ध है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
