देख लो हाल…तीन करोड़ की बिल्डिंग में सिर्फ एक डाक्टर

By: Aug 29th, 2026 12:50 am

सीएचसी दाड़लाघाट में एक ही नर्स और एक फार्मासिस्ट दे रहा सेवाएं, तीस बेड होने पर भी भर्ती नहीं किए जा रहे मरीज

निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
दाड़लाघाट में करीब 2 करोड़ 87 लाख 56 हजार रुपए की लागत से बनाया गया 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आज भी अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पा रहा है। अस्पताल में वर्तमान में एक डाक्टर, एक नर्स और एक फार्मासिस्ट तैनात हैं। अस्पताल में फिलहाल मुख्य रूप से ओपीडी सेवाएं ही संचालित हो रही हैं और 30 बेड होने के बावजूद मरीजों को भर्ती करने की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 40 से 50 मरीज ओपीडी में जांच और उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सक की स्थायी नियुक्ति के बाद लोगों को सामान्य उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर राहत मिली है, लेकिन आवश्यक जांच और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को रैफर करना पड़ता है। टेस्ट के लिए भी मरीजों को निजी लैब या दूसरे अस्पताल जाना पड़ता है।

क्या कहते हैं अधिकारी….
बीएमओ मुक्ता रस्तोगी का कहना है कि दाड़लाघाट सीएचसी में स्वीकृत पदों के अनुसार जितने स्टाफ की नियुक्ति की गई है, वह पूरी है। केवल एक डाक्टर का पद रिक्त चल रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे मशीन की स्वीकृति अभी नहीं हुई है। वहीं, लैब सुविधा शुरू करने के लिए भी अफसरों को अवगत करवाया जा रहा है।

एनएच-205 के कारण ट्रॉमा की जरूरत
दाड़लाघाट से शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-205 गुजरता है। यहां अंबुजा सीमेंट उद्योग भी स्थित है और हाईवे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में सडक़ दुर्घटनाएं और बस हादसे भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों का कहना है कि दाड़लाघाट सीएचसी में ट्रॉमा सुविधा और 24 घंटे आपातकालीन सेवा होना बेहद जरूरी है।

23 पंचायतों की आबादी को मिलेगी राहत
दाड़लाघाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली करीब 23 पंचायतों की हजारों की आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। वर्ष 2019 में तैयार किए गए इस अस्पताल को शुरू होने में करीब पांच वर्ष लगे। लोगों को उम्मीद थी कि अस्पताल शुरू होने के बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर और पूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन वर्तमान में अस्पताल मुख्य रूप से ओपीडी तक ही सीमित है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App