महज दो मिनट ने बचा ली जान

By: Aug 13th, 2026 12:52 am

मकान गिरने से कुछ देर पहले निकली बहू को मिली नई जिंदगी
निजी संवाददाता – राजगढ़
राजगढ़ के छिछडिय़ाधार में हुए दर्दनाक हादसे के बीच एक ऐसी घटना भी सामने आई, जिसने क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया। मकान गिरने से जहां मां-बेटी की जान चली गई तो वहीं महज दो मिनट पहले परिवार की बहू किसी कार्य से घर से बाहर निकली थी। बहू को क्या पता था कि उसके घर से बाहर निकलने के बाद ही उनके जीवन यापन का आशियाना ढह जाएगा। बहू के घर से बाहर निकलते ही अचानक तीन मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। जानकारी के अनुसार यदि महिला कुछ मिनट और घर के अंदर रहती तो हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या और बढ़ सकती थी।

वहीं मकान मालिक भीम सिंह भी घटना के समय घर से बाहर गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने मौके पर पहुंच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया तथा एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने फौरी राहत देकर जांच के आदेश दिए। एक तरफ दो महिलाओं की मौत और दो मासूम बच्चियों के घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तो वहीं हादसे में कुछ सदस्यों का बाल-बाल बचना मामले का मार्मिक पहलू भी बन गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App