नानी के साथ दि पैराडाइज के स्पेशल सॉन्ग में नजर आएंगी कीर्ति सुरेश
मुंबई। दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म दि पैराडाइज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के चार्टबस्टर गाने आया शेर के बाद अब इसका स्पेशल सॉन्ग रिलीज होने वाला है, जिसमें नानी के साथ अभिनेत्री कीर्ति सुरेश भी नजर आएंगी। मशहूर निर्देशक श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी दि पैराडाइज में नानी मुख्य भूमिका में हैं।

फिल्म के टीजर, पोस्टर और पहले गाने को दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। आया शेर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और नानी के लुक के साथ-साथ गाने के हुकस्टेप को लेकर भी प्रशंसकों में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। स्पेशल सॉन्ग को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गीतकार कसरला श्याम ने लिखे हैं। इस गाने में नानी और कीर्ति सुरेश की जोड़ी पहली बार इस अंदाज में नजर आएगी। कीर्ति सुरेश ने सोशल मीडिया पर गाने की शूटिंग के दौरान की नानी के साथ एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में वह नानी की पोनीटेल पकड़े दिखाई दे रही हैं। इसके साथ उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा कि जब तुम उसके बालों को छूते हो, तो वो आग बबूला हो जाता है। फिल्म का गाना आया शेर यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है और इसे 1.8 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर इस गाने पर बड़ी संख्या में रील्स भी बनाई जा रही हैं। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी दि पैराडाइज 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
