खाली-पावघाटी सडक़ की हालत खस्ता, ग्रामीणों में रोष

By: Aug 29th, 2026 12:49 am

सामाजिक कार्यकर्ता रमेश गौतम ने लोक निर्माण विभाग- प्रशासन से जल्द मरम्मत करवाने की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बखालग में खाली से पावघाटी तक सडक़ की दयनीय हालत को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रमेश गौतम ने चिंता जताई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक संजय अवस्थी से सडक़ की स्थिति का संज्ञान लेते हुए शीघ्र सुधार कार्य करवाने की मांग की है। रमेश गौतम ने कहा कि खाली से पावघाटी तक सडक़ लंबे समय से खराब है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ की स्थिति को देखते हुए समय रहते इसकी मरम्मत और सुधार कार्य करवाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। ग्रामीण नियमित रूप से करों का भुगतान करते हैं और अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर सडक़ सुविधा मिलना उनका अधिकार है। रमेश गौतम ने कहा कि सडक़ की वर्तमान स्थिति लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सडक़ की हालत में सुधार नहीं किया गया तो बखालग पंचायत के लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग, प्रशासन और सरकार की होगी। उन्होंने प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए खाली से पावघाटी तक सडक़ का शीघ्र सुधार करवाने की पुन: मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App