बॉक्सिंग में किन्नौरी खिलाड़ी चैंपियन
प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन, 22 खिलाड़ी प्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
जिला स्कूल क्रीड़ा संगठन किन्नौर की वार्षिक आम सभा की बैठक मंगलवार को डीसीजीएसएसएस कोठी में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एडीईईओ पवन लोकटस ने की। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, प्रभारी, प्रवक्ता, डीपीई, पीईटी और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कुलदीप सिंह डोगरा ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में किन्नौर के खिलाडय़िों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बॉक्सिंग में जिला किन्नौर ने हिमाचल में प्रथम स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में सोनिया और राधिका ने कांस्य पदक जीते, जबकि अरिश्या ने कुराश में कांस्य पदक हासिल किया। जिले के 22 खिलाडय़िों ने बॉक्सिंग, फुटबॉल और कुराश की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। बैठक में आगामी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों को भी मंजूरी दी गई। अंडर-14 छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता जंगी में 27 से 30 अगस्त, छात्र वर्ग की उरनी में 25 से 28 सितंबर, अंडर-19 छात्रा वर्ग की ज्ञाबूंग में 8 से 12 सितंबर और छात्र वर्ग की कटगांव में 17 से 21 सितंबर तक होगी। अंत में खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष खेल की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए एंटी-ड्रग शपथ भी दिलाई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
