वृंदावन से पहुंचे लड्डू गोपाल, सिंहासन-पालने
जिला में चार सितंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी श्री कृष्ण जन्माष्टमी, तैयारियों में जुटे लोग
कार्यालय संवाददाता- नाहन
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व, उपवास इस मर्तबा चार सितंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ जिला भर में मनाया जाएगा। जिसके लिए मंदिर कमेटियों ने विशेष तैयारियों को आरंभ कर दिया है। वहीं जिला भर के बाजार भी बाल कान्हा के शृंगार सामान के साथ सजने शुरू हो गए हैं, जबकि जन्माष्टमी पर फलाहारी के लिए फल विके्रताओं ने विभिन्न फल जिनमें सेब, केला, अनार, अमरूद इत्यादि का स्टॉक रखना शुरू कर दिया है। ऐतिहासिक एकादश रूद्र महादेव मंदिर रानीताल नाहन के पंडित पुजारी काकू राम शर्मा ने बताया कि कृष्ण पक्ष की अष्टमी और रोहिणी नक्षत्र का काल ही श्री कृष्ण जन्माष्टमी का जन्मोत्सव के लिए माना गया है, जोकि इस मर्तबा चार सितंबर अष्टमी जहां रात्रि 2.25 मिनट पर प्रारंभ होगी तो वहीं इसका समापन पांच सितंबर को रात्रि 12.13 मिनट पर होगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान रोहणी नक्षत्र चार सितंबर रात्रि 12.29 पर प्रारंभ होगा। उधर श्री कृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना को लेकर नाहन बाजार में लड्डू गोपाल विभिन्न आकर्षक एवं साइज में भक्तों के लिए उपलब्ध करवाए गए हैं। नाहन के छोटा चौक के व्यवसायी असित अग्रवाल ने बताया कि विशेष रूप से वृदांवन धाम से बाल कृष्ण के लड्डू गोपाल, उनकी विभिन्न डिजाइन व माप की पौषाकें, शृंगार का सामान सिंहासन, पालने, कुंडल, बांसुरी, मोरपंख इत्यादि दर्जनों शृंगार व पूजा का सामान उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी में कान्हा को झूला झुलाने व जन्मोत्सव मनाने का विशेष महत्त्व है। उधर फल विक्रेताओं ने दुकानों में विभिन्न फलों के स्टाक को रखना शुरू कर दिया है, जबकि मंदिर कमेटियां जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में पालना डालना, पूजा-अर्चना व सजावट को लेकर तैयारियों में जुट गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
