लेक्चरर को मिलेगा उच्च वेतन लाभ, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने उच्च न्यायालय के आदेश की अनुपालना करते हुए पांच लेक्चररों को दो वर्ष की नियमित सेवा पूरी करने के बाद 47 हजार रुपए के उच्च वेतन स्तर का लाभ देने के आदेश जारी किए हैं। यह लाभ उच्च न्यायालय में प्रस्तावित अपील के अंतिम निर्णय और अन्य कानूनी उपायों के अधीन रहेगा। मामला हंसराज व अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश राज्य व अन्य से संबंधित है। इस संबंध में याचिकाकर्ताओं ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। न्यायालय ने तीन नवंबर 2025 को याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर कानून के अनुसार निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद याचिकाकर्ताओं की ओर से निष्पादन याचिका भी दायर की गई। न्यायालय ने विभाग को दो सप्ताह के भीतर जवाब अथवा अनुपालना शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए थे। वहीं विभाग के अनुसार, संबंधित लेक्चररों की नियुक्ति वर्ष 2013-14 में लेक्चरर विद्यालय-नवीन के पद पर हुई थी और उनकी सेवाएं वर्ष 2017 में नियमित हुईं। वर्ष 2019 में उन्होंने दो वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली थी।
वित्त विभाग की तीन जनवरी 2022 की अधिसूचना के तहत संशोधित वेतन नियम लागू किए गए थे। इसके बाद छह सितंबर 2022 की अधिसूचना के माध्यम से नियम 7(ए) जोड़ा गया, जिसे तीन जनवरी 2022 से प्रभावी माना गया। इसके तहत दो वर्ष की नियमित सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को 47 हजार रुपए का वेतन स्तर देने का प्रावधान किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह वेतन लाभ उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित मामले में दायर की जाने वाली अपील के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। यदि अपील का फैसला विभाग के पक्ष में आता है तो संबंधित लेक्चररों को दी गई अतिरिक्त बकाया राशि वापस करनी होगी। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पांचों लेक्चररों का वेतन 47 हजार रुपए के स्तर पर तय किया जाए और वित्त विभाग के निर्देशों के अनुसार बकाया राशि जारी की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर नियुक्ति के लिए मांगे आवेदन
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सितंबर/अक्तूबर 2026 में आयोजित होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधीक्षक एवं उप-अधीक्षक की नियुक्ति के लिए पात्र शिक्षकों से आवेदन मांगे हैं। बोर्ड सचिव अंकुश शर्मा की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पात्र शिक्षक 14 अगस्त से 25 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
