करवाचौथ या दिवाली पर मिल सकता है डीए का तोहफा, पेंशनरों को सीएम का आश्वासन

By: Aug 31st, 2026 12:52 am

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
हिम आंचल पेंशनर्ज संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम की अगवाई में शनिवार सांय हिम आंचल पेंशनर्ज संघ के पदाधिकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री से विश्राम गृह सेरा (नादौन) में मिले व उन्हें मुख्यत: डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र भेजने में पेंशनरों को आ रही परेशानी के संबंध में अवगत करवाते हुए इस बारे में ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसके समाधान हेतू पंचायत सचिवों के माध्यम से समस्या हल करने की बात कही। मुलाकात के दौरान उक्त पदाधिकारियों द्वारा जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त श्रेणी तृतीय पेंशनरों, फैमिली पेंशनर्ज को 35 फीसदी तथा द्वितीय व प्रथम श्रेणी के पेंशनरों, फैमिली पेंशनर्ज को 15 फीसदी पेंशन एरियर के भुगतान हेतू मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया तथा मुख्यमंत्री से पेंशनरों की बकाया देनदारियां व महंगाई भत्ता की किस्तें जारी करने का आग्रह भी किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ता देने के बारे में आश्वासन दिया कि करवाचौथ या फिर दिवाली पर्व पर इस संबंध में कुछ करेंगे।

केसी गौतम के नेतृत्व में रखी मांगें
शिष्टमंडल में प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम के साथ प्रदेश वित्त सचिव शंभू राम जसवाल, मुख्य संगठन सचिव प्रशोतम दास शर्मा, हमीरपुर जिला प्रधान देवराज पटियाल, नादौन खंड प्रधान जगदीश चंद शर्मा, सलाहकार अवनीश कुमार, हमीरपुर खंड प्रधान हेमराज शर्मा शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App