करपट-चौखंग नैनगार की लाइफलाइन कटी
लाहुल की मयाड़ घाटी में बाढ़ में बही सडक़ें, लोगों को आने-जाने में हो रही दिक्कत
कार्यालय संवाददाता-केलांग
प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति की मयाड़ घाटी में एक बार फिर बाढ़ की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घाटी के करपट नाले और चौखंग नैनगार के गवाड़ी नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण सडक़ मार्ग प्रभावित हुए हैं। करपट गांव को जोडऩे वाला मार्ग बाधित हो गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं चौखंग नैनगार सडक़ मार्ग को बहाल करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से किए गए प्रयासों के बावजूद दोबारा बाढ़ आने से सडक़ को बहाल नहीं किया जा सका। करपट क्षेत्र में बाढ़ के दौरान राहत की बात यह रही कि मयाड़ घाटी में पूर्व में करवाए गए बाढ़ नियंत्रण कार्यों से गांव को काफी हद तक बचाने में मदद मिली।
बाढ़ के पानी के तेज बहाव के बावजूद नियंत्रण कार्यों के कारण नुकसान को कम करने में सहायता मिली है। हालांकि, सडक़ मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों के सामने आवाजाही की समस्या खड़ी हो गई है। चौखंग-नैनगार सडक़ मार्ग को बहाल करने के लिए प्रशासन एवं विभागों ने मौके पर मशीनरी और संसाधनों के माध्यम से प्रयास किए, लेकिन इसी बीच गवाड़ी नाले में दोबारा बाढ़ आने से बहाली कार्य प्रभावित हो गया। इसके चलते सडक़ मार्ग को यातायात के लिए बहाल नहीं किया जा सका। अब मौसम और परिस्थितियां अनुकूल रहने पर दोबारा सडक़ बहाली का कार्य किया जाएगा।विधायक अनुराधा राणा ने बाढ़ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन एवं संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण करने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से बाढ़ से प्रभावित सडक़, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी जुटाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
