पंजाब के भटिंडा से चिट्टे का मेन सप्लायर गिरफ्तार

By: Aug 29th, 2026 12:50 am

कड़ी से कड़ी जोड़ते शातिर तक पहुंची पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
पुलिस थाना धर्मपुर के अंतर्गत एसआईयू टीम द्वारा जनवरी माह में एक स्कूटी सवार युवक के पास से पकड़े गए 7.25 ग्राम चिट्टा मामले में पुलिस ने मुख्य सप्लायर को भटिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही और चिट्टा नेटवर्क का पता लगा रही है। मामले में जांच जारी है। जानकारी के अनुसार जनवरी माह में जिला पुलिस सोलन की एसआईयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक स्कूटी पर सवार युवक से 7.25 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। आरोपी की पहचान बंटी निवासी गांव सैंज, डाकखाना ओच्छघाट, तहसील व जिला सोलन उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त स्कूटी को कब्जे में लिया गया तथा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। जांच के दौरान आरोपी के कॉल रिकॉर्ड व अन्य तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से सामने आया कि आरोपी बंटी ने बरामद चिट्टा जीरकपुर से दीपक कुमार उर्फ करणी निवासी गांव धोबियान बस्ती, भटिंडा, जिला भटिंडा, पंजाब से 17,000 रुपए में खरीदा था।

मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस थाना धर्मपुर की टीम द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए माननीय जिला एवं सत्र न्यायालय, सोलन तथा बाद में माननीय उच्च न्यायालय, हिमाचल प्रदेश, शिमला में अग्रिम जमानत याचिकाएं दायर कीं, जिन्हें दोनों न्यायालयों द्वारा खारिज कर दिया गया। इसके पश्चात आरोपी अंडरग्राउंड हो गया था। पुलिस थाना धर्मपुर की टीम द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप बीते दिनों आरोपी दीपक कुमार उर्फ करणी उम्र 26 वर्ष को बैकवर्ड लिंक के आधार पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसका 3 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया है।

नेटवर्क की जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस
एसपी सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपी से मामले के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा चिट्टे की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि वर्ष 2023 में पंजाब के पुलिस थाना कनाल चौकी में उसके विरुद्ध एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसके कब्जे से 130 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इसी वर्ष आरोपी के विरुद्ध न्यू शिमला में भी एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें न्यू शिमला पुलिस टीम द्वारा उसे बैकवर्ड लिंक के आधार पर गिरफ्तार किया गया था तथा उक्त मामले में 178 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के चिट्टा के बड़े सप्लायर के रूप में संलिप्त होने के संकेत मिले हैं। मामले में आगे की जांच एवं पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और बैकवर्ड लिंकेज से और भी अहम खुलासे होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App