कांगड़ा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग मामलों में चिट्टे के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
नरेन कुमार- धर्मशाला
कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में 21.66 ग्राम चिट्टा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में नशीले पदार्थ के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन भी कब्जे में लिए हैं। पहला मामला पुलिस थाना कांगड़ा क्षेत्र का है। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम हनुमान घाट, कांगड़ा बाईपास पर गश्त, नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार सवार दो युवकों के कब्जे से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राणा (31), निवासी टंग नरवाना, तहसील धर्मशाला और पार्थ शर्मा (20), निवासी टांग नरवाना, तहसील धर्मशाला के रूप में हुई है। पुलिस ने कार और बरामद नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना नगरोटा बगवां की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैफिक कार्यालय नगरोटा बगवां के समीप एक सफेद पिकअप गाड़ी को जांच के लिए रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार निवासी व्याड़ा, तहसील पालमपुर, अंकुश निवासी रक्कड़, तहसील बैजनाथ और अनिल निवासी अन्दरेटा, तहसील पालमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी और बरामद नशीला पदार्थ कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस विभाग कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों से नशीले पदार्थ की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
