मणिमहेश यात्रा आज से, सुबह चार बजे रवाना होंगे भक्त, जगह-जगह जवान तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भरमौर प्रशासन अलर्ट; जगह-जगह जवान तैनात, हड़सर में मेडिकल चैकअप
नगर संवाददाता-भरमौर
श्री मणिमहेश यात्रा का बुधवार सुबह चार बजे से आधिकारिक तौर पर शुभारंभ होगा। मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत हड़सर से मणिमहेश कैलाश तक के पैदल यात्रा मार्ग का प्रशासन द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया तथा पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए मार्ग को दुरुस्त एवं सुरक्षित पाया गया है। इसके चलते प्रशासन ने बुधवार से यात्रा को आरंभ करने का फैसला लिया है। एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 26 अगस्त से हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश तक पैदल यात्रा पुन: शुरू की जा रही है।
श्रद्धालु एवं यात्री प्रात: चार बजे से यात्रा शुरू कर सकेंगे। एसडीएम ने समस्त पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।
हर रोज शाम सात से सुबह चार बजे तक यात्रा पर रोक
मणिमहेश यात्रा प्रतिदिन शाम सात से सुबह चार बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान यात्रियों को यात्रा मार्ग पर आवागमन की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा रात्रि के समय यात्रा मार्ग पर उत्पन्न होने वाली संभावित कठिनाईयों को ध्यान में रखते हुए की गई है। एसडीएम अजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में घोड़ों एवं खच्चरों के आवागमन के संबंध में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
एक दिन में 5000 को अनुमति
मणिमहेश यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा। हड़सर में मेडिकल चैकअप के बाद ही जाने की परमिशन दी जाएगी। भरमौर प्रशासन ने यात्रा के दौरान एक हजार पुलिस जवान और होमगार्ड तैनात किए हैं। इसी तरह 40 से ज्यादा आईटीबीपी जवान भी पहली बार तैनात किए हैं। भरमौर से मणिमहेश के लिए रोजाना 5,000 श्रद्धालु भेजे जाएंगे। अस्वस्थ पाए जाने वाले श्रद्धालुओं या 75 वर्ष से अधिक उम्र के अस्वस्थ लोगों को आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
