अगस्त में देखने को मिलते हैं देशभक्ति के अनेक रंग, ‘मन की बात’ में बोले PM मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगस्त महीने को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत बताते हुए कहा है कि इस महीने हर तरफ देशप्रेम के अनेक रंग देखने को मिलते हैं। पीएम मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को कहा कि अगस्त आते ही हर व्यक्ति के मन में राष्ट्र-प्रेम की भावना और अधिक प्रबल हो जाती है। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे अवसर इस महीने को विशेष बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हर देशवासी को गर्व से भर देते हैं। वहीं, ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण यह वर्ष और भी विशेष हो गया है। उन्होंने कि इस बार आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं, जो देशवासियों के उत्साह और राष्ट्रप्रेम को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का यह उत्सव केवल भारत तक सीमित नहीं रहा। इस वर्ष ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज ने दुनिया भर में एक अनोखी यात्रा की। फिजी की राजधानी सुवा में सूरज की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराया गया और इसके बाद एशिया, अफ्रीका, यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों और पोस्ट पर तिरंगा लहराता गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में सूरज आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे भारतीय तिरंगा भी लहराता रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं और देश के साथ लोगों का जुड़ाव और गहरा करते हैं। प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘सूर्यपथ तिरंगा’ जैसे प्रयासों में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रप्रेम की ऐसी सामूहिक अभिव्यक्तियां देश की एकता और गौरव को और मजबूत करती हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
