‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग में दिखा दमदार क्रेज
मुंबई। रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स की दुनियाभर में एडवांस बुकिंग शुरू हो गयी है और पहले ही दिन फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होने के मौके पर निर्माताओं ने एक विशेष वीडियो जारी किया है, जिसमें यश के साथ निर्देशक गीतू मोहनदास और फिल्म की स्टारकास्ट नजर आ रही है। वीडियो में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा करते दिखाई दे रहे हैं।
कलाकारों ने फिल्म की अलग दुनिया और गीतू मोहनदास के अनकन्वेंशनल निर्देशन को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया। एडवांस बुकिंग को मिल रही शुरुआती प्रतिक्रिया से फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता साफ नजर आ रही है। खास बात यह है कि टॉक्सिक किसी स्थापित फ्रेंचाइज़ी या पहले से बने सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा नहीं है। फिल्म एक बिल्कुल नयी दुनिया और कहानी के साथ दर्शकों के सामने आ रही है। ऐसे में एडवांस बुकिंग में मिल रहा रिस्पॉन्स यश की स्टार पावर को दर्शाता है। केजीएफ फ्रेंचाइज़ी की सफलता के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है। केजीएफ: चैप्टर 2 ने दुनियाभर में शानदार कारोबार किया था और यश को भारतीय सिनेमा के प्रमुख सितारों में स्थापित किया। टॉक्सिक 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेजी में की गयी है तथा इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
