परवाणू में दो घंटे की मूसलाधार बारिश से भारी तबाही

By: Aug 19th, 2026 12:02 am

भूस्खलन और जलभराव से जनजीवन प्रभावित; ट्राला नाले में लटका, हिमफेड प्लांट को 25 लाख तक नुकसान, कई सडक़ें बंद

निजी संवाददाता-परवाणू
औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और आसपास के इलाकों में मंगलवार दोपहर बाद करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ। कोटी के समीप पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से रेल ट्रैक बाधित हो गया। वहीं, ओल्ड कसौली रोड, पट्टा बेजा और खड़ीन मार्ग भी यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद हो गए। ओल्ड कसौली रोड के सेक्टर-5 में टकसाल एंबुलेंस मार्ग का कच्चा हिस्सा बहकर सडक़ पर आ गया, जिससे आवाजाही ठप हो गई। बारिश के तेज बहाव में सडक़ किनारे लगा डंगा ढहने से एक ट्रक नाले की ओर लटककर फंस गया।

हालांकि, हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। परवाणू बस स्टैंड में पानी भरने से दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। हिमफेड बॉटलिंग प्लांट में भी पानी भर गया। प्लांट मैनेजर अशोक सहगल ने बताया कि मशीनरी और पैकेजिंग सामग्री को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार प्लांट को करीब 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। टकसाल क्षेत्र में नाले के उफान से बिजली के कुछ खंभे भी प्रभावित हुए। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ शिव कुमार ने बताया कि बंद मार्गों को बहाल करने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं और मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App