सिर पर चोट के बाद प्रवासी की मौत
अचानक मौत से सुजानपुर में सनसनी, रास्ते में गिरने के बाद 45 साल के प्रवासी ने तोड़ा दम
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर- आठ में एक 45 वर्षीय प्रवासी व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मृतक की पहचान जनार्दन निवासी नदुआ ज्ञानपुर, डाकखाना हरेया, तहसील चौरी-चौरा, जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जनार्दन पिछले काफी समय से सुजानपुर में रह रहा था और यहां दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था। उसका हाल पता नारायण मास्टर, वार्ड नंबर-दो सुजानपुर बताया गया है, जबकि उसके बहू-बेटे वार्ड नंबर- आठ में रहते हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात वह अपने किराए के मकान से बाहर निकला था। इसी दौरान वह रास्ते में गिर गया, जिससे उसके सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके साथियों ने उसे सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी अनसुलझे राज
सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि सुजानपुर के वार्ड नंबर-आठ में एक प्रवासी व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
