पंचरुखी-आलमपुर में मंत्री गोमा का बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद
आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने पंचरुखी में 451 और लंबागांव में 564 बीपीएल परिवारों की सुलझाई समस्याएं
टीम- पंचरुखी, जयसिंहपुर
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने पंचरुखी और आलमपुर में आयोजित प्रत्यक्ष संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीपीएल सर्वेक्षण में चयनित परिवारों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड पंचरुखी की 16 पंचायतों के 451 और विकास खंड लंबागांव के अंतर्गत दस पंचायतों के 564 पात्र बीपीएल परिवारों की जनसमस्याओं को सुना। मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। पात्र लाभार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। आलमपुर क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जांगल पपरोला में नौ करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल फरवरी माह तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।
खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए आलमपुर में एक करोड़ रुपए की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, जगरूप नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 50 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है, जिससे लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से भव्य भवन बनकर तैयार होगा। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में आलमपुर को तहसील का दर्जा दिलवाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इस दौरान आयुष मंत्री ने 80 वर्ष की आयु से ऊपर के 6 बीपीएल बुजुर्ग नागरिकों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पंचायत समिति लंबागांव के उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, तहसीलदार पंचरुखी अभिषेक भास्कर, खंड विकास अधिकारी पंचरुखी मनीष, खंड विकास अधिकारी लंबागांव सिकंदर, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि व संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में बीपीएल परिवार उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
