नालागढ़ में कचरा संयंत्र की लीज न बढ़े, विधायक हरदीप सिंह बाबा ने सदन में उठाया प्रदूषण और बीमारियों का मामला
कार्यालय संवाददाता — शिमला
प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संचालन और इसकी लीज अवधि बढ़ाने की संभावनाओं को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। नियम-62 के तहत चर्चा के दौरान बावा ने कहा कि प्लांट के आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और प्रदूषण के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2028-29 में जब मौजूदा संचालन अवधि पूरी होगी, तो प्लांट की लीज को आगे न बढ़ाया जाए।
हरदीप बावा ने सदन में कहा कि प्लांट के करीब 500 मीटर के दायरे में ट्रीटमेंट प्लांट में खतरनाक कचरा पहुंच रहा है। इससे क्षेत्र में अत्यधिक दुर्गंध फैल रही है और आसपास के गांवों के लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर, 2006 को यह भूमि शिवालिक वेस्ट मैनेजमेंट को 50 वर्ष की अवधि के लिए लीज पर दी गई थी। इसमें करीब 20 वर्ष संचालन तथा इसके बाद 30 वर्ष की प्री-क्लोजर मैनेजमेंट अवधि का प्रावधान है।
दूसरी साइट तलाशेंगे
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इंडस्ट्री वेस्ट प्लांट हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद स्थापित किया गया था और इसके लिए 50 वर्ष की लीज पर जमीन दी गई है। उन्होंने माना कि कुछ कंपनियों ने वहां लिक्विड वेस्ट डालना शुरू किया है और समस्या पैदा हुई है। सरकार इस समस्या का समाधान करेगी और प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए नई साइट तलाशने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्लांट को तत्काल बंद करना संभव नहीं है।
नए एथेनॉल प्लांट नहीं
उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल में नए एथेनॉल प्लांट स्थापित नहीं किए जाएंगे। प्रदेश के पास नए उद्योगों को देने के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं है। क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के स्तर पर भी उठाया गया है। हरदीप सिंह बावा ने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 20 से 25 उद्योग हैं। उन्होंने कहा कि यदि बीबीएनआईए, जो इस प्लांट में शेयरहोल्डर है, के साथ मिलकर सरकार नई साइट तलाशने पर विचार कर रही है, तो यह स्वागत योग्य कदम होगा।
समाधान न हुआ, तो खुद साइट विजिट करूंगा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता है, तो वह स्वयं साइट का दौरा करेंगे। उन्होंने उद्योग मंत्री से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की शिकायतों का समाधान केवल सदन में चर्चा तक सीमित न रहकर मौके पर जाकर स्थिति देखने के बाद किया जाना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
