चार महीने बाद मॉडल स्कूल फिर गुलजार

By: Aug 30th, 2026 12:45 am

सीबीएसई छोड़ एचपी बोर्ड की ओर बढ़े छात्र, हमीरपुर स्कूल में 100 से ज्यादा दाखिले
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में छात्रों की कक्षाएं शनिवार से रूटीन में शुरू हो गई हैं। स्कूल में अब तक 100 से अधिक छात्रों ने दाखिला ले लिया है, जो छात्र-छात्राएं सीबीएसई स्कूल में पढ़ाई नहीं करना चाहते हैं, वे अब प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूल में लगातार शिफ्ट हो रहे हैं, ताकि वह आगे की पढ़ाई एचपी बोर्ड से कर सकें। क्योंकि अब उनके पास एचपी बोर्ड का विकल्प मिल गया है। छात्र अपने अभिभावकों सहित सीबीएसई स्कूल से नाम वापस लेकर एचपी बोर्ड स्कूल में दाखिला लेने में लगे हुए हैं। हालांकि अप्रैल माह से बंद पड़े स्कूल में दोबारा छात्रों की रौनक लौट आई है। अब स्कूल में लडक़े और लड़कियां एक साथ पढ़ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पीएमश्री शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दाखिला ले रखा था। ऐसे में छात्रों के आगे स्कूल के कमरे भी कम पड़ गए थे। कई बार छात्रों को कक्षा के बरामदे में भी पढ़ाई करते देखा गया है। हालांकि साथ लगते दूसरे स्कूल में एचपी बोर्ड की कक्षाएं शुरू होने से स्कूल से छात्रों का भार थोड़ा कम होने की उम्मीद है, क्योंकि कई छात्र एचपी बोर्ड का विकल्प नजदीक न मिलने की वजह से सीबीएसई स्कूल में ही जबरदस्ती पढ़ाई करने को मजबूर थे। उक्त छात्रों ने सीबीएसई स्कूल से अपने नाम वापस लेना शुरू कर दिए हैं और एचपी बोर्ड से संबंधित स्कूल में एडमिशन लेने में लगे हुए हैं, ताकि वह आगे की पढ़ाई एचपी बोर्ड से ही कर सकें। वहीं स्थानीय स्कूल प्रधानाचार्य पूनम चौहान का कहना है कि 100 से अधिक छात्रों ने अब तक स्कूल में एडमिशन ले ली है।

दुकानदार भी ले रहे राहत की सांस
स्कूल कैंपस के बाहर स्थित दुकानदार भी करीब चार माह बाद दोबारा स्कूल शुरू होने से राहत की सांस ले रहे हैं। क्योंकि अप्रैल माह से स्कूल कैंपस पूरी तरह से बंद पड़ा था। ऐसे में दुकानदारों का कारोबार भी ठप पड़ हुआ था। स्कूल कैंपस में छात्रों की चहलकदमी देखकर दुकानदारों के चेहरों पर रौनक लौट आई है और उन्हें फिर से कारोबार अच्छा चलने की उम्मीद जगी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App