FB से वीडियो हटाने पर मोदी ने ‘झुकाए’ जुकरबर्ग

By: Aug 6th, 2026 12:08 am

पीएम का वीडियो हटाने और डीपफेक वीडियो पर मांगी माफी

संसदीय समिति ने तीन दिन का दिया था अल्टीमेटम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट फेसबुक से हटाने और बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री के प्रसारण, डीपफेक वीडियो के प्रसारण और प्लेटफॉर्म संचालन में हुई गलतियों पर भारत सरकार के कड़े रुख के बाद माफी मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और आईटी सचिव एस कृष्णन से मुलाकात के दौरान बुधवार को मेटा की ग्लोबल टीम ने बाल शोषण सामग्री (सीएसएएम), डीपफेक कंटेंट और प्लेटफॉर्म संचालन में हुई गलतियों पर खेद जताया है। बुधवार को ही संसदीय समिति ने मेटा से तीन दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगने को कहा था। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मेटा को भारत में मिलने वाली कानूनी सुरक्षा और कुछ छूट वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेल्फी वीडियो पोस्ट को फेसबुक पर सीमित कर दिया गया था। इस वीडियो में उन्होंने पेपर लीक मामलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया था।

मेटा ने इसे अपनी एआई-संचालित ऑटोमेटेड कंटेंट फिल्टर की तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए पोस्ट बहाल कर दी थी। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने इस सफाई को अपर्याप्त मानते हुए मेटा के वैश्विक अधिकारियों को सम्मन भेजा था। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मेटा की ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल काप्ला समेत उच्चस्तरीय टीम को स्पष्ट कर दिया गया है कि वे इंटरमीडियरी (मध्यस्थ) की परिभाषा में नहीं आते हैं। चूंकि प्लेटफॉर्म यह तय करता है कि उपयोगकर्ता को कौन सा कंटेंट दिखेगा, इसलिए आईटी अधिनियम के तहत मिलने वाला सेफ हार्बर (कानूनी सुरक्षा कवच) उन पर लागू नहीं होता। सरकार ने साफ किया है कि यह केवल एक तकनीकी चूक का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App