मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार, 31 से भारी बारिश
कार्यालय संवाददाता-शिमला
प्रदेश में मानसून अगले कुछ दिनों में फिर रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 31 अगस्त, पहली और दो सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 28 से 30 अगस्त तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इन तीन दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। पिछले दो दिनों में मानसून कमजोर रहने के कारण प्रदेश में व्यापक बारिश नहीं हुई है। हालांकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुरुवार को शिमला में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बीते 24 घंटे के दौरान सिरमौर के नाहन में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मंडी के गोहर में 30 मिलीमीटर, कांगड़ा के धर्मशाला में 30 मिलीमीटर और सोलन के नालागढ़ में भी 30 मिलीमीटर बारिश हुई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 30 जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 247 लोगों की मौत हुई है, जबकि 396 लोग घायल हुए हैं। मानसून के दौरान प्रदेश में अब तक करीब 1183 करोड़ रुपए की संपत्ति को नुकसान हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
