नेतन्याहू ने पीएम मोदी का जताया आभार, भारत-इजरायल रिश्ते मजबूत करने पर जोर

By: Aug 9th, 2026 12:01 am

सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की; कहा मिलकर रिश्ते मजबूत करेंगे

एजेंसियां— यरूशलम
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है। पीएम मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच एक दिन पहले फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान पीएम मोदी और इजरायली पीएम नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की थी। दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की थी। इसकी जानकारी पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी थी। बहरहाल, पीएम मोदी की पिछली पोस्ट को शेयर करते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने लिखा, ‘मेरे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपका धन्यवाद। हम मिलकर इजरायल और भारत के बीच के रिश्तों को और मजबूत करते रहेंगे।’

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उन्हें बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया था। इसमें दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर चर्चा की और दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा की थी। भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल विशेष रणनीतिक साझेदारी में हो रही लगातार प्रगति की समीक्षा की। साथ ही दोनों देशों के पारस्परिक लाभ के लिए विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App