पांवटा साहिब ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, युवक और महिला गिरफ्तार

By: Aug 19th, 2026 12:02 am

विश्वकर्मा मंदिर के पास गला रेतकर हुई थी भाव सिंह की हत्या, तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में मंगलवार तडक़े करीब तीन बजे विश्वकर्मा मंदिर के समीप हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने करीब 12 घंटे में सुलझा ली। पुलिस ने वार्ड नंबर नौ निवासी युवक आमिर और महिला रेखा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान भाव सिंह के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह विश्वकर्मा मंदिर के समीप एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला था। अस्पताल ले जाने पर उसकी गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और वारदात के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य लगे। इसके आधार पर पुलिस ने वार्ड नंबर नौ से आमिर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद महिला रेखा को भी पूछताछ के लिए लाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और साक्ष्यों की कडिय़ां जोडऩे के बाद दोनों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मृतक को पहले से जानते थे और उनके बीच मुलाकात होती रहती थी। पुलिस को आशंका है कि वारदात वाली जगह पर तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद भाव सिंह की हत्या कर दी गई। हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

एएसपी बोले, कोर्ट ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर भेजा
एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App