प्रोमोशन का रास्ता साफ, 26 अगस्त 2023 से पहले से खाली पद पुराने भर्ती-पदोन्नति नियमों के तहत भरने के निर्देश

By: Aug 11th, 2026 10:22 pm

बिजली बोर्ड में 26 अगस्त 2023 से पहले से खाली पद पुराने भर्ती-पदोन्नति नियमों के तहत भरने के निर्देश

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

राज्य बिजली बोर्ड ने फील्ड तकनीकी कर्मचारियों की प्रोमोशन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए है। इसके तहत 26 अगस्त 2023 से पहले के रिक्त पदों को पुराने भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत भरा जाएगा। जबकि 26 अगस्त 2023 या इसके बाद खाली हुए पदों पर संशोधित भर्ती एवं पदोन्नति नियम लागू होंगे। इसके लिए नया भर्ती एवं पदोन्नति रोस्टर तैयार किया जाएगा और आईटीआई तथा गैर-आईटीआई योग्यता वाले कर्मचारियों के लिए निर्धारित कोटा लागू होगा। प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं समेत अधीक्षण व अधिशाषी अभियंताओं समेत संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए है। साथ ही अधिकारियों को 14 अगस्त, 2026 से पहले डीपीसी की बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के तहत सहायक लाइनमैन, लाइनमैन, सब स्टेशन अटेंडेंट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर और इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) सहित अन्य तकनीकी श्रेणियों के पदों को शामिल किया गया है।

दो वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके हैडमास्टरों का ब्यौरा मांगा

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने संबंधित हैडमास्टरों का पूरा ब्यौरा तलब किया है। विभाग ने सभी जिलों के उच्च शिक्षा उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर दो वर्ष तक की सेवा पूरी कर चुके हैडमास्टरों का निर्धारित प्रारूप में भेजने को कहा है। शिक्षा निदेशालय की ओर से मंगलवार को जारी पत्र में कहा गया है कि प्रधानाध्यापक संवर्ग के जिन अधिकारियों ने प्रधानाध्यापक के पद पर दो वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उनका निर्धारित प्रपत्र में व्यक्तिगत ब्यौरा निदेशालय को भेजा जाए। यह ब्यौरा 17 अगस्त 2026 तक भेजना अनिवार्य किया गया है।

रणनीति बनाएंगे फील्ड तकनीक कर्मचारी

शिमला। फील्ड तकनीकी कर्मचारियों की प्रोमोशन संबंधी निर्देश जारी होने पर अब सांकेतिक विरोध पर संघ आगामी रणनीति बनाएगा। तकनीकी कर्मचारी संघ ने इस मामले पर बैठक बुलाई है। जिसमें निर्देशों पर अध्ययन करने के उपरांत राज्य कार्यकारिणी सांकेतिक विरोध दर्ज जारी रखने फैसला लेगा। बहरहाल मंगलवार को राज्य भर में तकनीकी कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर अपना प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया है। राज्य बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर और महासचिव चमन लाल शर्मा ने कहा कि बोर्ड प्रबंधन की ओर से जारी निर्देशों का अध्ययन किया जाएगा और मंथन के बाद संघ सांकेतिक विरोध दर्ज करवाने को लेकर आगामी फैसला लेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App