ऊना कालेज में बढ़ रहा राजनीतिक हस्तक्षेप
फीस वृद्धि पर विधायक सतपाल सत्ती ने प्रदेश सरकार को घेरा
नगर संवाददाता-ऊना
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने गुरुवार को सर्किट हाउस ऊना में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस सरकार पर शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद अलग-अलग संस्थानों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। शिक्षण संस्थानों को राजनीति का अखाड़ा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सत्ती ने आरोप लगाया कि ऊना कॉलेज में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ गया है और कुछ लोग अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से फीस बढ़ाकर पैसा जुटाने और उसका दुरुपयोग करने के उदाहरण सामने आ रहे हैं। फीस कम करने की मांग को लेकर विद्यार्थी हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन उनसे बातचीत नहीं कर रहा है। सतपाल सत्ती ने कॉलेज में पूर्व में खरीदे गए कंप्यूटरों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ये कंप्यूटर लगभग दोगुनी कीमत में खरीदे गए थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
