34वें दिन भी जारी रहा पीटीएफ का क्रमिक अनशन
छह पदाधिकारी निदेशालय के बाहर बैठे, 5 सितंबर तक मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
अपनी मांगों को मनवाने के लिए गांधीगिरी की राह पर चले प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन शुक्रवार को 34वें दिन में प्रवेश कर गया। शुक्रवार के दिन प्राथमिक शिक्षक संघ के छह पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाला और अनशन किया। संघ ने स्पष्ट किया है कि अगर पांच सितंबर तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, तो इसके बाद आंदोलन के कई स्वरूप देखने को मिलेंगे। बहरहाल करीब एक माह से अधिक समय से आंदोलनरत हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ का आंदोलन जारी है। जानकारी के अनुसार आंदोलनरत प्राथमिक शिक्षक संघ का शिमला स्थित स्कूल शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन शुक्रवार को 34वें दिन में प्रवेश गया। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ की सुन्नी ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष नितिन हिमराल, महासचिव देवेंद्र शर्मा, राज्य प्रैस सचिव रोशन वर्मा, नारायण हिमराल और खंड सह सचिव नरेंद्र भंडारी तथा अशोक वर्मा अनशन पर बैठे।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द संघ की मांगों को पूरा किया जाए। संघ का कहना है कि शिक्षक शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन कर रहे है। गांधीगिरी की राह पर चलते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ ने बंगला मुखी से शिमला तक न्याय यात्रा निकालने का फैसला लिया था। इसी के तहत 11 जुलाई को पैदल चलकर न्याय यात्रा 26 जुलाई को शिमला स्थित चौड़ा मैदान पहुंची थी और इस दौरान विशाल धरना शुरू किया। प्राथमिक शिक्षक संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। संघ का कहना है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री की ओर से धरना स्थल पर आकर दिए आश्वासन के मुताबिक न्यू कांप्लेक्स प्रणाली की अधिसूचना को वापस लिया जाएगा और अन्य मांगों को भी पांच सितंबर तक पूरा किया जाएगा। संघ का कहना है कि अगर इस अवधि तक मांगें पूरी नहीं होती है, तो प्राथमिक शिक्षकों के आंदोलन के कई स्वरूप देखने को मिलेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
