शेख हसीना को वापस भेजें तभी भारत जाएंगे रहमान, ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए बांग्लादेश ने रखी शर्त
एजेंसियां — ढाका
बांग्लादेश की सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए इसी शर्त पर भारत आएंगे, जब भारत वहां की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनके देश वापस भेज देता है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एकेएम शाहिदुल करीम ने भारत के न्योते पर रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अधिकारी तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर पिछले कुछ हफ्तों से संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को नई दिल्ली में शेख हसीना की एक प्रेस वार्ता ने भी रहमान की यात्रा को प्रभावित किया है। करीम ने कहा कि हमारा मानना है कि इस उच्च स्तरीय दौरे के लिए एक अनुकूल माहौल बनाया जाना आवश्यक है।
बांग्लादेश ने भारत सरकार से द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि का हवाला देते हुए शेख हसीना और अन्य भगोड़ा अपराधियों को जल्द से जल्द सौंपने का अनुरोध किया है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिम्सटेक के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। भारत 12 और 13 सितंबर को वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। बिम्सटेक एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, बांग्लादेश, म्यांमा, नेपाल और भूटान शामिल हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
