रैली पंचायत के भटेड़ में दो बार प्रस्ताव के बाद भी नहीं बनी वर्षाशालिका
निजी संवाददाता – बड़सर
विकास खंड बिझड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत रैली के गांव भटेड़ में मुख्य सडक़ किनारे वर्षाशालिका की सुविधा न होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के इस मौसम में सडक़ किनारे बस का इंतजार करते हुए स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और आम मुसाफिर बारिश में पूरी तरह भीगने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस जनसमस्या को लेकर ग्राम सभा में विधिवत प्रस्ताव पारित कर लोक निर्माण विभाग बड़सर को भेजा गया था। इसके बावजूद दो-दो बार प्रस्ताव भेजे जाने पर भी अभी तक बजट का कोई प्रबंध नहीं हो पाया है।
स्थिति यह है कि शासन-प्रशासन के स्तर पर रैली पंचायत के बाशिंदों की इस गंभीर समस्या व फरियाद पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सडक़ किनारे शेल्टर न होने से परेशान स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों जिनमें सुरेश कुमार, सलोचना देवी, अंजना कुमारी, अंबु, आशा देवी, हर्ष, अखिल कुमार, रविंद्र कुमार, वार्ड सदस्य अनुज कुमार, रामपाल, लक्की चंदेल, पूर्व प्रधान बीरी सिंह, भगवान दास और राजिंदर सिंह ने प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
