राजपुरा स्कूल ने जीता अंडर-14 कबड्डी का खिताब

By: Aug 29th, 2026 12:52 am

नंगल में हुई खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता; 42 स्कूलों के 504 छात्रों ने लिया हिस्सा, विधायक हरदीप सिंह बावा ने नवाजे खिलाड़ी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ शिक्षा खंड के तहत नंगल स्कूल में आयोजित अंडर-14 छात्रों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजपुरा स्कूल की टीम ने कबड्डी का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में राजपुरा ने पंजैहरा स्कूल को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में शिक्षा खंड के 42 स्कूलों के 504 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। नंगल स्कूल के खेल मैदान में कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन और मार्च पास्ट की प्रतियोगिताएं करवाई गईं। वॉलीबाल में मलहेणी स्कूल विजेता और गोयला पन्नर उपविजेता रहा। खो-खो में पंजैहरा प्रथम और बघेरी द्वितीय रहा। बैडमिंटन में शिवालिक स्कूल ने पहला और माजरा स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया।

मार्च पास्ट में नंगल स्कूल प्रथम तथा भाटियां स्कूल द्वितीय रहा। समापन समारोह में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ मेहनत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर खेल प्रभारी जगीर सिंह, एसएमसी प्रधान सुमन देवी, प्रधानाचार्य डा. निशा शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App