24 घंटे में दबोचा दुष्कर्म का आरोपी

By: Aug 31st, 2026 12:54 am

पांवटा साहिब पुलिस ने जल्द कार्रवाई कर किया गिरफ्तार, 10 वर्षीय बच्ची को बनाया हवस का शिकार
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब पुलिस ने 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को बच्ची की मां रक्षाबंधन के चलते विकासनगर गई हुई थी। शाम को घर लौटने पर बच्ची और उसका भाई घर पर नहीं मिले। बाद में बच्ची का भाई वापस आया और बताया कि गुरुद्वारा परिसर के पास उसकी बहन उससे अलग हो गई थी। पुलिस के अनुसार बच्ची की तलाश के दौरान तीन युवकों ने यमुना विहार के वार्ड नंबर पांच स्थित खेड़ा मंदिर के पास बच्ची के मदद के लिए चिल्लाने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति बच्ची के पास मौजूद था, जो युवकों को देखकर फरार हो गया। उसकी बाइक मौके पर रह गई।

युवकों ने बच्ची और बाइक को पुलिस थाना पहुंचाया। पूछताछ में बच्ची ने पुलिस को बताया कि एक युवक उसे पत्नी से मिलाने की बात कहकर बाइक पर ले गया था। आरोप है कि आरोपी उसे खेड़ा मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और उसे कोर्ट में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App