सीएस दिसंबर परीक्षा के लिए नामांकन शुरू, देर हुई तो देना होगा इतना विलंब शुल्क
25 सितंबर से भरें फॉर्म; देर हुई तो देना होगा विलंब शुल्क
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) ने सीएस एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल दिसंबर सत्र 2026 की परीक्षा के लिए परीक्षा नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान की वेबसाइट icsi.edu के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर है। इसके बाद भी आवेदन का अवसर रहेगा, लेकिन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। 25 सितंबर के बाद परीक्षा फॉर्म जमा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रति समूह 250 रुपए विलंब शुल्क देना होगा।
यह सुविधा 10 अक्तूबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र, मॉड्यूल के संयोजन या परीक्षा के माध्यम में बदलाव करने के लिए भी 250 रुपए शुल्क देना होगा। सीएस कार्यकारी कायक्रम में एक मॉड्यूल के लिए परीक्षा शुल्क 1,500 रुपए है। दोनों मॉड्यूल के लिए परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को 3,000 रुपए का भुगतान करना होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान चुने गए मॉड्यूल के अनुसार शुल्क का भुगतान करना होगा।
परीक्षा से पहले प्री-टेस्ट 24 सितंबर को
सीएस कार्यकारी और व्यावसायिक दिसंबर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्री-टेस्ट पूरा करना भी जरूरी है। बिना विलंब शुल्क के प्री-टेस्ट पूरा करने की अंतिम तारीख 24 सितंबर शाम 5:30 बजे है। अगर कोई अभ्यर्थी इस समयसीमा तक प्री-टेस्ट पूरा नहीं कर पाता है, तो वह नौ अक्तूबर शाम 5:30 बजे तक विलंब शुल्क के साथ इसे पूरा कर सकता है।
महत्त्वपूर्ण तिथियां
बिना विलंब शुल्क परीक्षा
फॉर्म भरने की अंतिम तारीख— 25 सितंबर
बिना विलंब शुल्क प्री-टेस्ट
पूरा करने की अंतिम तारीख— 24 सितंबर
विलंब शुल्क के साथ परीक्षा
फॉर्म भरने की अंतिम तारीख— 10 अक्तूबर
विलंब शुल्क के साथ प्री-टेस्ट पूरा करने की अंतिम तारीख— 9 अक्तूबर
परीक्षा केंद्र, मॉड्यूल संयोजन और परीक्षा माध्यम में बदलाव की अंतिम तारीख 20 नवंबर
सीएस कार्यकारी और व्यावसायिक परीक्षा 21 से 28 दिसंबर
परीक्षा का समय दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक
प्रश्नपत्र पढऩे के लिए अतिरिक्त समय दोपहर दो बजे से 2:15 बजे तक
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
