इतिहास और अर्थशास्त्र शिक्षक भर्ती का परिणाम घोषित, दोनों विषयों में भरे जाने हैं 86-86 पद
राज्य चयन आयोग 16 व 29 अगस्त को करवाएगा दस्तावेज मूल्यांकन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में इतिहास और अर्थशास्त्र के शिक्षकों के 86-86 पदों को भरने के लिए आयोजित कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया। दोनों परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इतिहास शिक्षक पोस्ट कोड-26025 के 86 पदों के लिए कुल 2648 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2152 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 217 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जो कि 16 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी।
उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्र शिक्षक पोस्ट कोड-26030 के 86 पदों के लिए कुल 1246 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1032 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 226 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जो कि 29 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी। डा. विक्रम महाजन ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
